प्रदेश के हर आम से लेकर खास तक सालाना बजट से बहुत उम्मीदें होती हैं । इस साल भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 17.03.2025 को हिमाचल प्रदेश बजट 2025 में कर्मचारियों, युवाओं और विभिन्न वर्गों के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं। इस बजट में वेतन बढ़ोतरी, नई भर्तियों, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और नशे के खिलाफ कड़े कदमों का ऐलान किया गया है। आइये जानते हैं कि आपके लिए इस हिमाचल बजट 2025 में क्या मिला ?

हिमाचल बजट 2025 में दिहाड़ीदार मजदूरों की मजदूरी में ₹25 की बढ़ोतरी की गई है, जिससे अब वे ₹425 प्रतिदिन कमाएंगे। वहीं, आउटसोर्स कर्मियों का वेतन बढ़ाकर ₹12,750 मासिक कर दिया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा वर्करों, सिलाई शिक्षकों, एमडीएम वर्करों, जलवाहकों और जलरक्षकों के मानदेय में भी वृद्धि की गई है। मल्टी टास्क वर्करों और आईटी शिक्षकों के वेतन में ₹500 की बढ़ोतरी हुई है।
हिमाचल बजट 2025 : 25,000 पदों पर होगी नयी भर्ती:
सीएम सुक्खू ने घोषणा की कि वर्ष 2025 में प्रदेश में 25,000 पद भरे जाएंगे। शिक्षा विभाग में 1,000 पद और पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पदों पर भी भर्ती होगी। 500 पदों के लिए प्रमोशन परीक्षा आयोजित की जाएगी। हिमाचल बजट 2025 में घोषणा की गयी कि पंचायत सचिव के 853 पदों को सीधी भर्ती से भरा जाएगा, जबकि जल शक्ति विभाग में 4,500 पदों पर नियुक्ति दी जा चुकी है।
पेंशनरों और कर्मचारियों को मिला महंगाई भत्ता :
प्रदेश सरकार ने पेंशनरों को राहत देते हुए 70 से 75 साल के बुजुर्गों के एरियर भुगतान की घोषणा की है, जो 15 मई से शुरू होगा। 1.75 लाख कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से एरियर मिलेगा। कर्मचारियों को 3% महंगाई भत्ता देने का ऐलान भी किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की घोषणाएँ :
सभी मेडिकल कॉलेजों में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए 1,700 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। अस्पतालों में 1,000 रोगी मित्र नियुक्त किए जाएंगे, जिन्हें ₹15,000 वेतन मिलेगा। डॉक्टरों के वेतन में भी बढ़ोतरी की गई है। मुख्यमंत्री वृद्धजन देखभाल योजना के तहत 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर-घर स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी।
नशे के खिलाफ सख्त कदम:
नशे के बढ़ते खतरे को रोकने के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक विशेष बोर्ड बनाया जाएगा। इसके अलावा, एक स्पेशल टास्क फोर्स गठित की जाएगी, जो नशे के मामलों पर कड़ी निगरानी रखेगी।
महिलाओं और बेटियों के लिए नई योजनाएं:
इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 21 साल की उम्र पूरी करने वाली बेटियों को ₹1,500 प्रतिमाह दिए जाएंगे। वहीं, बीपीएल परिवारों में जन्मी बेटियों के लिए ‘इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना’ शुरू की जाएगी, जिसमें उनके जन्म पर ₹25,000 का बीमा कराया जाएगा।
पर्यटन और परिवहन को मिलेगा बढ़ावा:
प्रदेश में 2,400 करोड़ रुपये की लागत से मनाली, कुल्लू, पालमपुर और अन्य स्थानों पर पर्यटन परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। शिमला में लग्जरी बसें चलाई जाएंगी, जिससे निजी वाहनों की भीड़ कम होगी।
ड्रोन टैक्सी सेवा की योजना:
सरकार हिमाचल में ड्रोन टैक्सी सेवाएं शुरू करने की योजना बना रही है, जिससे कृषि, बागवानी और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। मंडी, हमीरपुर और कांगड़ा में ड्रोन स्टेशन बनाए जाएंगे।
उद्योगों को मिलेगी बिजली सब्सिडी:
प्रदेश सरकार ने 33 केवी या इससे अधिक बिजली खपत करने वाले उद्योगों को बिजली बिल में सब्सिडी देने का ऐलान किया है। यह सब्सिडी साल में दो बार डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी।
निष्कर्ष :
हिमाचल बजट 2025 में सरकार ने कर्मचारियों, पेंशनरों, युवाओं, किसानों और व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई अहम घोषणाएं की हैं। महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी, न्यूनतम वेतन में सुधार, नई नौकरियों की संभावनाएं और कल्याणकारी योजनाएं आम जनता को राहत देने के संकेत हैं। हालांकि, बजट की वास्तविक सफलता इसके क्रियान्वयन पर निर्भर करेगी। अब देखने वाली बात होगी कि इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी तरीके से लागू किया जाता है। आपके विचार क्या हैं? क्या यह बजट आपकी उम्मीदों पर खरा उतरा? कमेंट में अपनी राय साझा करें!
समाचार स्त्रोत : अमर उजाला
आपको हमारा लेख कैसा लगा? लेख की शुरुआत में स्टार रेटिंग देकर या टिप्पणी करके हमें बताएं, ताकि हम लगातार सुधार कर सकें। हमारी पोस्ट को शेयर करना और विद्युत संबन्धित नियमित अपडेट सबसे पहले पाने के लिए “हिम विद्युत सारथी” को सब्सक्राइब करना न भूलें!